Date: 08/03/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

स्कूल से घर लौट रहे मासूम का हुआ अपहरण, गश्ती पुलिस ने खदेड़ा 

3/7/2026 2:23:05 PM IST

73
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद: स्कूल से घर लौट रहे छह वर्षीय मासूम के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने बच्चे को रास्ते से उठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन गश्ती पुलिस की गाड़ी देखकर घबराए अपराधियों ने कुछ दूर जाकर बच्चे को सड़क पर धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल बच्चे को बरामद कर इलाज के लिए घोसी पीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घोसी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि बच्चे को घूरनबिगहा गांव के पास से उठाने की सूचना मिली थी। अपहरणकर्ता बच्चे को भरधु सड़क के रास्ते ले जा रहे थे। इसी दौरान बेलदारी गांव के समीप गश्ती कर रही पुलिस की गाड़ी को देखकर बदमाश घबरा गए और बच्चे को बाइक से धक्का देकर सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल बच्चे को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए घोसी पीएचसी पहुंचाया। बताया जाता है कि सत्येंद्र यादव का पोता मोनू कुमार खपूरा मोड़ स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करता है। स्कूल की छुट्टी के बाद वह गांव के अन्य बच्चों के साथ पैदल अपने घर घूरन बीघा लौट रहा था। इसी बीच गांव के पास दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर पहुंचे और अचानक मोनू को उठाकर ले भागे। साथ चल रहे बच्चों ने इसकी सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि बेलदारी गांव के समीप पुलिस ने बच्चे को बरामद कर लिया है और उसका इलाज कराया जा रहा है। इलाज के बाद पुलिस बच्चे को साथ लेकर बाहर आई। घटना को लेकर इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। बच्चे के दादा सत्येंद्र यादव ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनका पुराना विवाद चल रहा है और कुछ दिन पहले उन्हें धमकी भी मिली थी। ऐसे में इस घटना को उसी विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है।इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। जब बच्चे से घटना के बारे में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि बुलेट सवार दो व्यक्ति उसे जबरन उठाकर ले गए थे और उसके सिर पर काला कपड़ा डाल दिया था। बाद में रास्ते में उसे धक्का देकर फेंक दिया गया। घोसी एसडीपीओ टू संजीव कुमार ने बताया कि अपहरण के इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी और इसमें शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। 
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट