Date: 18/02/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

फिल्म अभिनेता अली खान के भांजे राहत अली खान की मौत,राहत की पत्नी पर लगा आरोप

2/17/2026 2:13:43 PM IST

74
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya : बिहार के गया जिले के कोठी सोहेल थाना क्षेत्र के पोखरी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. फिल्म अभिनेता अली खान के भांजे राहत अली खान की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों का दावा है कि राहत की पत्नी ने उन्हें चाय में जहर देकर इस हत्या की कोशिश की, जिसके कारण राहत की हालत बिगड़ गई और पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. यह मामला 15 फरवरी का बताया जा रहा है।पति-पत्नी में लंबे समय से विवाद चल रहा था। राहत अली खान की शादी गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र की निवासी से हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है। शादी के कुछ महीनों बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी। परिजनों के अनुसार, झगड़ों के कारण पत्नी अक्सर राहत को झूठे केस में फंसाने या हत्या की धमकी देती थी। इससे पहले भी पत्नी ने राहत के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया था, जिसमें राहत को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। बात-बात पर पुलिस बुलाकर हंगामा करने का भी आरोप लगाया गया है। 
परिजनों के मुताबिक, 15 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे पत्नी ने राहत को चाय में जहर मिलाकर पिलाया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने पहले स्थानीय चिकित्सक को दिखाया, फिर उन्हें गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान राहत की मौत हो गई. मृतक के पिता सदी कुल्लाह खान ने सोहेल थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें पत्नी के अलावा उसके माता-पिता और भाइयों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस घटना की सूचना पत्नी ने खुद पुलिस को दी।  पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पूछताछ के बाद पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।  इमामगंज पुलिस अनुमंडल के डीएसपी कमलेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि मौत जहर से हुई या कोई अन्य कारण था। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या यह हत्या थी या आत्महत्या का मामला.इधर पटना पीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर ही सच्चाई सामने आएगी। अभी जांच प्रारंभिक चरण में है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के बाद होगी. इस घटना ने घरेलू विवादों में जहर देने जैसे खतरनाक रुझानों पर सवाल खड़े कर दिए हैं? इमामगंज पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया की पत्नी से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, आगे जांच पूरी होने के बाद ही पूरी चीजें स्पष्ट होगी। 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट