Date: 05/04/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

JSLPS कर्मियों ने समाहरणालय में किया जोरदार प्रदर्शन, भुगतान व वृद्धि की उठी मांग

4/4/2026 4:44:19 PM IST

17
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: सात महीनों से मानदेय नहीं मिलने से नाराज झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) से जुड़े कर्मियों ने शनिवार को धनबाद समाहरणालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। समूह दीदी के नाम से जानी जाने वाली महिला कर्मियों समेत सैकड़ों कर्मचारियों ने धरना देते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। धरने पर बैठी कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि वे पिछले सात महीनों से बिना भुगतान के लगातार काम कर रही हैं, लेकिन अब उनकी सहनशीलता जवाब दे चुकी है। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि समय पर मानदेय मिलना उनका अधिकार है लेकिन, उन्हें बार-बार सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। कर्मियों ने बताया कि जिले में करीब 700 कर्मचारी JSLPS के तहत कार्यरत हैं जिनका मानदेय लंबे समय से बकाया है। उनका आरोप है कि उनसे नियमित रूप से काम लिया जा रहा है रजिस्टर जांच से लेकर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन तक बावजूद इसके बदले उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा।समूह दीदी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी कर्मी सात महीने से मानदेय का इंतजार कर रहे हैं। हर त्योहार गुजर गया लेकिन हमें एक रुपया तक नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग उठाई कि वर्तमान मानदेय राशि बेहद कम है और इसे बढ़ाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि 1500 रुपये प्रतिमाह में गुजारा करना संभव नहीं है जबकि उनसे लगातार जिम्मेदार कार्य कराए जाते हैं। धरने के दौरान कर्मियों ने प्रशासन से जल्द बकाया मानदेय का भुगतान करने और भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क