Date: 16/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 50 हजार का इनामी मोहन मांझी सहयोगी संग गिरफ्तार, डीएसपी ने किया खुलासा
 

4/7/2026 7:18:55 PM IST

101
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya :गया में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मोहन मांझी को उसके सहयोगी सोनु मांझी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों लंबे समय से हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में फरार चल रहे थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहन मांझी कोलकाता से गया लौट रहा है और सरबहदा क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने बोधगया मुहान के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने 3 अगस्त 2025 को हुए एक हत्या कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गया टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मोहन मांझी पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई संगीन मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार कि रिपोर्ट