Date: 07/09/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बिष्टुपुर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, दो और आरोपी गिरफ्तार

7/15/2026 12:25:46 PM IST

101
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डी.डी. बार के पास हुए जानलेवा हमला और हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। SIT ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई है। कल रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डी.डी. बार के समीप हुए धारदार हथियार से जानलेवा हमले के मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। SIT ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस पहले ही इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी थी। अब लगातार छापेमारी के दौरान कांड के दो और आरोपियों राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र कुमार उर्फ घेरे और गणेश मछुवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। गणेश मछुवा की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों के भागने और छिपने में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, गणेश मछुवा ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र कुमार उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस ने बताया कि गणेश मछुवा का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री के मामले में दो बार जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए  शिवम मिश्रा की रिपोर्ट