Date: 20/04/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सांसद जन उद्यम खेल-सांस्कृतिक महोत्सव 2026 का केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने किया उद्घाटन, शराबबंदी पर कहा ...

4/20/2026 11:46:48 AM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya  : बिहार के ऐतिहासिक शहर गया में आज  एक भव्य और अनूठे आयोजन की शुरुआत हुई, जब गांधी मैदान में “सांसद जन उद्यम खेल-सांस्कृतिक महोत्सव 2026” का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। यह महोत्सव 20 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि गया जिले के इतिहास में इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक महोत्सव नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक प्रेरणा मंच है, जहां वे खेल, संस्कृति और अनुशासन के साथ-साथ आत्मनिर्भरता का पाठ भी सीखेंगे। उन्होंने इस आयोजन का श्रेय स्वयं लेने से इनकार करते हुए कहा कि यह सब देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व और प्रेरणा का परिणाम है। मांझी ने अपने संबोधन में युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि आज का समय आत्मनिर्भर बनने का है। उन्होंने कहा, “हमें अपना हाथ जगन्नाथ समझकर आगे बढ़ना चाहिए। अगर हर व्यक्ति खुद आगे बढ़े और अपने साथ कम से कम 50 लोगों को रोजगार देने का प्रयास करे, तो देश में बेरोजगारी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।” उन्होंने युवाओं से उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ाने और नए अवसरों को अपनाने की अपील की। इस महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भरपूर झलक देखने को मिलेगी। आयोजकों के अनुसार, इसमें स्थानीय कलाकारों, खिलाड़ियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास किया जाएगा। आगे मांझी ने शराबबंदी के मुद्दे पर कहा कि सरकार को ऐसे फैसले लेने चाहिए जिससे जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।  उन्होंने यह भी कहा कि इस विषय पर सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए संतुलित निर्णय लेना आवश्यक है, ताकि न तो जन-जीवन प्रभावित हो और न ही आर्थिक नुकसान हो। राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में उन्होंने पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों द्वारा अपनाए गए रवैये से जनता में असंतोष है। विशेष रूप से महिलाओं में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है, जिसका सीधा लाभ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिल सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में इस बार राजनीतिक स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आगे उन्होंने महिला सशक्तिकरण के विषय में बोलते हुए मांझी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा चलाई गई योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि साइकिल योजना, पोशाक योजना और महिलाओं को दिए गए आरक्षण जैसे कदमों ने राज्य में महिलाओं की स्थिति को मजबूत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इन योजनाओं के कारण महिलाओं का सरकार पर विश्वास बढ़ा है और वे विकास के साथ जुड़ रही हैं। महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागी गांधी मैदान में उपस्थित रहे। पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल गतिविधियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। आयोजकों का मानना है कि यह महोत्सव न केवल गया बल्कि पूरे बिहार के लिए एक मिसाल बनेगा। इससे युवाओं को नई दिशा मिलेगी और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट