Date: 13/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सड़क पर कब्जा और अवैध वसूली ने ली ASI की जान? प्रशासन पर उठे सवाल

5/26/2026 12:45:38 PM IST

97
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Aara : आरा शहर का बस पड़ाव और स्टेशन रोड इन दिनों अवैध वसूली, अतिक्रमण और रॉन्ग साइड यातायात के कारण गंभीर ट्रैफिक संकट से जूझ रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि पिछले एक महीने में यहां पांच सड़क हादसे हो चुके हैं। हाल ही में एक ASI की दर्दनाक मौत के बाद भी प्रशासन की निष्क्रियता पर लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन रोड और बिहार मिल रोड पर नगर निगम के नाम पर खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है। वसूली के दौरान वाहनों को बीच सड़क पर रोक दिया जाता है, जिससे लंबा जाम लग जाता है और वाहन चालक रॉन्ग साइड से निकलने को मजबूर हो जाते हैं। यही अव्यवस्था लगातार हादसों की वजह बन रही है। व्यापारियों और राहगीरों के अनुसार सड़क के दोनों किनारों पर ठेला, हॉकर्स और अस्थायी अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है। पैदल चलने तक की जगह नहीं बची है, जबकि सुबह और शाम के समय घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। लगातार हो रहे हादसों और ASI की मौत के बाद अब शहरवासी प्रशासन से अवैध वसूली बंद कराने, अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।

आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट