Date: 22/04/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मंडल कारा में बंद कैदियों ने बंदी दरबार मे खुलकर बताई समस्याएं 

4/22/2026 1:10:45 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद के मंडल कारा जहानाबाद में  जिला पदाधिकारी के निर्देश पर बंदियों की समस्याओं के समाधान के लिए बंदी दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला समाहर्ता (विशेष कार्य) तेज नारायण राय ने की। इस दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत कुमार, डॉ. सुचेता कुमारी, प्रोबेशन पदाधिकारी सुमित्रा एवं स्नेहा सालवी तथा पैनल अधिवक्ता बैधनाथ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बंदी संतोष रेनू ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। बंदी दरबार में कैदियों ने एक-एक कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और समाधान की मांग की। सुदामा यादव ने खुद को निर्दोष बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। वहीं रविदास ने कहा कि उन्हें लंबे समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मुफ्त कानूनी सहायता नहीं मिल रही है। बंदी बलिराम ने अपने मामले की सुनवाई में हो रही देरी पर चिंता जताई, जबकि संतोष रेनू ने ससुराल पक्ष द्वारा झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया। इसके अलावा बंदी विश्व रंजन ने मुलाकात व्यवस्था में तकनीकी दिक्कतों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि सर्वर समस्या के कारण कई बार परिजनों को बिना मुलाकात किए लौटना पड़ता है। बंदी आदित्य ने भीषण गर्मी को देखते हुए चापाकलों की संख्या बढ़ाने की मांग की, जबकि महिला वार्ड से आरओ खराब होने की शिकायत सामने आई। अपर समाहर्ता तेज नारायण राय ने कारा प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों को लिखित रूप में संकलित कर जिला प्रशासन को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि इन मामलों को जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखा जाएगा और आवश्यकतानुसार न्यायालय में भी प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की। अपर समाहर्ता ने बंदी संतोष रेनू की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही कारा परिसर की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था के लिए कारा प्रशासन की सराहना की गई। इस मौके पर कारा अधीक्षक अजीत कुमार, सहायक अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, मोहम्मद अख्तर हुसैन समेत सभी काराकर्मी उपस्थित रहे।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट