Date: 28/04/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जिले के टॉप 10 अपराधी को पुलिस ने नाटकीय ढंग से किया गिरफ्तार

4/28/2026 1:57:51 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जहानाबाद: जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानाबाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अजीत बिंद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के मुताबिक, आरोपी जिले का टॉप 10 अपराधी है जिसे पकड़ा गया। अजीत बिंद, पिता बच्चन बिंद, ग्राम कोरमा, थाना घोसी, जिला जहानाबाद का निवासी है। वह घोसी थाना में दर्ज कांड संख्या-298/21 (दिनांक 02 जुलाई 2021) में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुख्य अभियुक्त था। पुलिस ने उसे एसटीएफ के सहयोग से दबोचकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह अवैध हथियार निर्माण से जुड़े नेटवर्क में सक्रिय था और मिनी गन फैक्ट्री संचालन में उसकी भूमिका रही है। अजीत बिंद के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 में घोसी थाना में कांड संख्या-919/16 के तहत डकैती (धारा 395 भादवि) तथा कांड संख्या-320/16 में आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं। वह काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
कोयलांचल लाइव के लिए जहानाबाद से पंकज की रिपोर्ट