Date: 10/08/2026 Monday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, नगदी-जेवर समेत लाखों की चोरी

4/28/2026 3:12:00 PM IST

97
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

Jahanabad  :जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत टेहटा मठ गांव में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए 1 लाख नगद समेत करीब 6 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। गृहस्वामी ने बताया कि 27 तारीख को वह अपने पूरे परिवार के साथ घोसी थाना क्षेत्र के माधोपुर मठिया गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही जब वे वापस लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा गोदरेज भी खुला पड़ा था। घर का सामान बिखरा हुआ था। चोर नगद एक लाख रुपये के साथ जितिया, मंगलसूत्र, सोने की चेन, कान की बाली, नथुनी समेत कई कीमती गहने चुरा ले गए। पीड़िता गृहस्वामी के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ एक रात घर बंद होने पर इतनी बड़ी चोरी होना गंभीर चिंता का विषय है। लोग अब अपने घरों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं।

 

जहानाबाद से कोयलांचल लाइव के लिए पंकज कुमार की रिपोर्ट