Date: 04/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जीटी रोड पर स्टंट कर रील बना रहे 7 युवक को पुलिस ने दबोचा ,3  कार हुई जब्त

8/2/2026 10:40:59 PM IST

75
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: आज कल कहीं पर किसी समय खड़े होकर रील बनाने का फ़ैशन जोर शोर से चल रहा है । ऐसा ही कुछ आज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कारों से खतरनाक स्टंट कर सोशल मीडिया के लिए रील बनाना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। बीच सड़क पर स्टंट की सूचना जैसे ही धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार को मिली वैसे ही एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया जिसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा।
एसएसपी के निर्देश पर तोपचांची थाना प्रभारी लव कुमार ने जीटी रोड पर बेरिकेडिंग कर विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान स्टंट कर रहे 3 कारों को जब्त कर लिया गया। वहीं वाहनों में सवार कुल 7 युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार युवक राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए स्टंट कर रहे थे और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील डालने वाले थे। इस तरह की लापरवाही से न केवल उनकी अपनी जान जोखिम में थी बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है तथा हिरासत में लिए गए सभी सात लोगों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई में जुट गई है ।  इस मामले में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सड़क पर स्टंट करने अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से धनबाद पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी। कुछ लोगों की लापरवाही न केवल उनके स्वयं के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी वाहन चालको विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या रील बनाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क