Date: 05/05/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

छिनतई का पुलिस ने किया खुलासा, लैपटॉप-मोबाइल समेत नगदी बरामद, 4 अपराधी गिरफ्तार,सिटी एसपी ने बताया ...

5/5/2026 2:45:00 PM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में छिनतई की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। जामताड़ा के रहने वाले युवक से बाइक, लैपटॉप, मोबाइल और नगदी छीनने के साथ-साथ दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया था। मंगलवार को इस मामले में जानकारी देते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामला साहेबगंज रोड स्थित अपना अस्पताल के समीप का है, जहां जामताड़ा के नारायणपुर निवासी इरफान अंसारी से तीन मोटरसाइकिल पर सवार 6-7 अपराधियों ने छिनतई की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधियों ने पहले बाइक की किस्त फेल होने का बहाना बनाकर उसे रोका, फिर उसकी मोटरसाइकिल, लैपटॉप, मोबाइल और 22 हजार रुपये नगद छीन लिया। इतना ही नहीं, अपराधियों ने सामान लौटाने के एवज में दो लाख रुपये की मांग भी की और 4 मई को पैसे देने का दबाव बनाया। पीड़ित द्वारा घटना की सूचना गोविंदपुर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रेहान अंसारी (फकीरडीह), फरदीन अंसारी (गायडेहरा), राजू अंसारी (भीतर गांव) और जावेद अंसारी (फकीरडीह) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक हुंडई i20 कार, तीन मोटरसाइकिल, छीना गया लैपटॉप, सात मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नगद बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
 
 
धनबाद से कोयलांचल लाइव के लिए दीपक की रिपोर्ट