Date: 10/05/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पति से जान का खतरा! थाने में आवेदन लगाई गुहार ,बोली एक महीने से घर में कैद हूं ,पति “कभी भी मेरी हत्या करवा सकते हैं”

5/9/2026 9:06:11 PM IST

38
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad:- धनबाद के कुसुम विहार स्थित स्वाति अपार्टमेंट में रहने वाली एक विवाहिता पिछले एक महीने से डर और दहशत के साये में जीने को मजबूर है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया कि अब उसे हर पल अपनी हत्या होने का डर सता रहा है। पीड़िता ने पुलिस पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पीड़िता निशा सिन्हा ने बताया कि उनका विवाह 29 नवंबर 2021 को धनबाद के खड़ेश्वरी मंदिर में प्रणव कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के दौरान लड़की पक्ष की ओर से नगद राशि, गहने और अन्य सामान भी दिए गए थे। शुरुआत में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद वैवाहिक जीवन में तनाव शुरू हो गया।
निशा का आरोप है कि उनके पति का अपनी ही भाभी के साथ अवैध संबंध है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। पीड़िता के अनुसार, कई बार उन्हें नशीली दवाएं देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इसके बावजूद वह रिश्ते को बचाने के लिए चुप रहीं।
महिला ने बताया कि हाल ही में उनके पति की ओर से तलाक का नोटिस भेजा गया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद से वह पूरी तरह डर गईं और पिछले एक महीने से घर से बाहर निकलना तक बंद कर दिया।
“मुझे हर समय डर लगा रहता है कि मेरा पति कभी भी मेरी हत्या करवा सकता है। इसलिए मैंने घर से निकलना बंद कर दिया है। मैं अपने ही घर में कैदी बनकर रह गई हूं।”
पीड़िता ने बताया कि दो दिन पहले वह किसी तरह थाना पहुंचीं और आवेदन दिया, लेकिन अब तक न तो आवेदन की रिसीविंग दी गई और न ही प्राथमिकी दर्ज की गई। इसे लेकर उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पत्नी निशा का आरोप है कि उनके गहने और पैसे भी उनसे ले लिए गए हैं। उन्होंने प्रशासन और समाज से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क