Date: 15/05/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

महुली गंगा घाट पर मुंडन संस्कार के दौरान हादसा, दो सगे भाई गंगा में डूबे ,एक का मिला शव,दूसरे की तलाश जारी ...
 

5/15/2026 5:36:33 PM IST

8
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड  क्षेत्र के महुली गंगा घाट पर आज मुंडन संस्कार के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। स्नान करने पहुंचे दो सगे भाई गहरे पानी में डूब गए, जिससे घाट पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। वहीं प्रशासन हरकत में आया और तत्काल एसडीआरएफ टीम को बुलाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।डूबने वाले दोनों भाइयों की पहचान चंदा गांव निवासी सुदर्शन यादव के पुत्र धनु यादव और सोनू यादव  के रूप में हुई है। परिजन मुंडन संस्कार के लिए घाट पहुंचे थे, इसी दौरान दोनों भाई गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में चपेट में आ गए। सूचना पाकर सिन्हा थाना प्रभारी सुजीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एसडीआरएफ को बुलाकर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। देर शाम टीम ने गंगा नदी से धनु यादव का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। हादसे की खबर मिलते ही चंदा गांव में कोहराम मच गया। दोनों सगे भाइयों के डूबने से परिवार में मातम पसर गया है। बताया जाता है कि दोनों मृतक चार बहनों के इकलौते भाई थे, जिससे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। घटना के बाद नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट