Date: 20/05/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दवा दुकानें हुई बंद,केंद्र सरकार से प्रतिबंध लगाने की उठी मांग

5/20/2026 11:41:16 AM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtada : ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में जिला ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले बुधवार को जिले भर के दवा दुकानदार एक दिवसीय हड़ताल पर चले गए। इस दौरान दवा दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानों को बंद रखकर ऑनलाइन दवा विक्रेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए एसोसिएशन की ओर से प्रत्येक प्रखंड में एक-एक दवा दुकान को इमरजेंसी सेवा के लिए खुला रखा गया था। मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय दवा दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना उचित जांच और चिकित्सकीय सलाह के दवाओं की ऑनलाइन बिक्री लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकती है। उन्होंने केन्द्र सरकार से अविलंब ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। वहीं एसोसिएशन के सचिव गोपाल डालमिया ने कहा कि दवा एक संवेदनशील वस्तु है, जिसकी बिक्री नियमों के तहत होनी चाहिए। ऑनलाइन माध्यम से दवा बिक्री में कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है तो आगे आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 
 
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट