Date: 04/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गंगा दशहरा पर बिहार में भक्ति का दिखा अद्भुत संग, गंगा में लोगो ने लगाई आस्था की डुबकी

5/25/2026 12:55:27 PM IST

100
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger: आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का महापर्व गंगा दशहरा पर मुंगेर में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अहले सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए गंगा घाटों पर उमड़ पड़े। शहर के बबुआ घाट, सोझी घाट समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन मां गंगा में स्नान और पूजा करने से पापों से मुक्ति तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है। ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के पावन अवसर पर गंगा दशहरा को लेकर मुंगेर के गंगा घाट पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंगे नजर आए। सुबह होते ही श्रद्धालु “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयकारों के साथ गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कष्टहरणी घाट स्थित गंगा मंदिर में माथा टेक सुख-शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार राजा भगीरथ अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए इसी दिन मां गंगा को धरती पर लेकर आए थे। तभी से गंगा दशहरा पर गंगा स्नान और मां गंगा की पूजा की परंपरा चली आ रही है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन गंगा स्नान करने से समस्त पापों का नाश होता है और जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का आगमन होता है। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विभिन्न घाटों पर गोताखोर और प्रशासनिक टीम भी तैनात रही।
 
कोयलांचल लाइव के लिए मुंगेर से इम्तियाज़ की रिपोर्ट