Date: 20/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स ने किया प्रदर्शन, बेहतर भुगतान और पारदर्शी नीति की मांग
 

6/3/2026 6:49:17 PM IST

49
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी सेवा ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर्स ने बुधवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे डिलीवरी कर्मियों ने कंपनी की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए बेहतर भुगतान, इंसेंटिव में वृद्धि और कार्यस्थल पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी कर्मियों का कहना है कि चार माह पहले जहां 400 रुपये की कमाई पर 120 रुपये का इंसेंटिव आसानी से मिल जाता था, वहीं अब उसी इंसेंटिव को प्राप्त करने के लिए सुबह 6 बजे से देर रात तक कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। उनका आरोप है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और बढ़ती महंगाई के बावजूद प्रति ऑर्डर मिलने वाला भुगतान बेहद कम है। डिलीवरी के दौरान ईंधन, वाहन रखरखाव और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन कंपनी की ओर से भुगतान और इंसेंटिव में कोई संतोषजनक बढ़ोतरी नहीं की गई है। डिलीवरी पार्टनर्स ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार बिना किसी पूर्व सूचना या स्पष्ट कारण के उनकी आईडी ब्लॉक कर दी जाती है। इससे वे अचानक काम से वंचित हो जाते हैं और उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ता है। उनका कहना है कि किसी भी शिकायत या विवाद की स्थिति में कंपनी को संबंधित कर्मी का पक्ष सुनना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जाता। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि कंपनी न्यूनतम भुगतान की स्पष्ट व्यवस्था लागू करे, पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अतिरिक्त भत्ता दे तथा इंसेंटिव व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बनाए। साथ ही आईडी ब्लॉक करने की प्रक्रिया में स्पष्ट नियम और सुनवाई का अवसर भी सुनिश्चित किया जाए। इस आंदोलन को कांग्रेस के युवा नेताओं का भी समर्थन मिला। नेताओं ने कहा कि डिलीवरी कर्मी दिन-रात मेहनत कर लोगों तक आवश्यक सामान पहुंचाते हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप सुविधाएं और भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डिलीवरी पार्टनर्स की मांगें पूरी तरह जायज हैं और इस संबंध में धनबाद उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क