Date: 20/06/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ससुराल आए युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

6/16/2026 3:25:04 PM IST

55
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लोधारिया जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान बोकारो जिले के पेटरवार निवासी 26 वर्षीय बीरेंद्र नायक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीरेंद्र अपनी ससुराल आया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। घटना टुंडी थाना क्षेत्र के लोधारिया जंगल स्थित दुर्गाडीह गांव के पास की है। जंगल में पेड़ से लटका शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि बीरेंद्र नायक 14 जून की शाम करीब 4 बजे से लापता था। उनका आरोप है कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर स्थित ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को जंगल में पेड़ से लटका दिया। मृतक की बहन ने भी ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क