Date: 19/06/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

शहीद वायु अग्निवीर दानिश आलम के परिजनों को 21 लाख की अनुग्रह राशि, मंत्री और डीएम ने सौंपा चेक

6/18/2026 5:53:36 PM IST

11
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड निवासी शहीद वायु अग्निवीर दानिश आलम के परिजनों को गुरुवार को बिहार सरकार की ओर से 21 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की गई। बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण मंत्री-सह-प्रभारी मंत्री भोजपुर अरुण शंकर प्रसाद और जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने संयुक्त रूप से शहीद के माता-पिता को सहायता राशि का चेक सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने शहीद दानिश आलम के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण को श्रद्धापूर्वक नमन किया। शहीद के परिजनों को सम्मानपूर्वक सहायता राशि प्रदान किए जाने के दौरान माहौल भावुक हो गया। प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीद दानिश आलम का सर्वोच्च बलिदान पूरे बिहार और देश के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार शहीदों और उनके परिवारों के सम्मान तथा कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शहीद केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का बेटा होता है। ऐसे वीर सपूतों के बलिदान के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और नागरिक शांतिपूर्ण जीवन जी पा रहे हैं। सरकार हर परिस्थिति में शहीद के परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने शहीद के माता-पिता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दानिश आलम का बलिदान राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और समर्पण का प्रतीक है। उनका जीवन और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने पुत्र को खोने का दुख अपूरणीय होता है, लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि शहीद दानिश आलम ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश के लिए जो बलिदान दिया है, उस पर पूरा राष्ट्र गर्व करता है। प्रशासन शहीद के परिजनों को हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। कार्यक्रम के दौरान शहीद दानिश आलम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका साहस, त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने भी शहीद के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दानिश आलम जैसे वीर सपूत राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीद दानिश आलम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहने वाला बताया तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट