Date: 24/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बिल्डिंग से इलेक्ट्रिक तार चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 65 किलो कॉपर तार बरामद

6/23/2026 12:12:18 PM IST

28
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : आजाद नगर थाना क्षेत्र के चेपापुल–पारडीह रोड स्थित इलाईट सहाना प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन बिल्डिंग से इलेक्ट्रिक तार चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। इस संबंध में दर्ज कांड संख्या 53/26 की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. शाहरुख उर्फ उमर शाहरुख को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी किए गए तारों का कवर हटाकर अपने भाई के साथ तांबा निकाला और उसे कपाली निवासी फैज अहमद उर्फ भोलु को बेच दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ताज नगर स्थित एक स्क्रैप गोदाम में छापेमारी कर करीब 65 किलो बिना कवर का कॉपर तार बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी फैज अहमद उर्फ भोलु (34) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी का पूर्व में भी चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस का कहना है कि इस चोरी के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट