Date: 24/06/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भारत तिवारी एनकाउंटर को लेकर महापंचायत पर टिकी सबकी नजर 

6/24/2026 12:28:17 PM IST

21
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव में सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले ने जनआक्रोश का रूप ले लिया है। इसी कड़ी में आज बाबा कुंडेश्वर नाथ मंदिर परिसर, कुंडवा शिव में सर्व समाज की ओर से एक भव्य महापंचायत सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। इस आयोजन को लेकर पूरे इलाके में गहमागहमी है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। महापंचायत का मुख्य उद्देश्य भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करना, उनके परिजनों के साथ एकजुटता दिखाना और कथित एनकाउंटर मामले में निष्पक्ष जांच व न्याय की मांग को और मजबूत करना है। साथ ही सभा में आगे की लड़ाई को लेकर ठोस रणनीति तय किए जाने की भी बात कही जा रही है। आयोजकों का कहना है कि जब तक मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
 
राज्य व राष्ट्रीय स्तर की हस्तियों के पहुंचने की संभावना
आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर के अलावा राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कई सामाजिक व राजनीतिक व्यक्तित्वों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए शाहपुर क्षेत्र में भारी भीड़ जुटने के आसार हैं। भोजपुर समेत बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी लोगों के आने की सूचना है। कार्यक्रम स्थल NH-922 फोरलेन के समीप स्थित होने के कारण यहां पहुंचना अपेक्षाकृत आसान है, जिससे भीड़ और अधिक बढ़ने की संभावना है।
 
कुंडवा शिव मंदिर परिसर में व्यापक तैयारी
महापंचायत को लेकर आयोजकों ने व्यापक तैयारी की है। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा था, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक संगठनों में इस मुद्दे को लेकर खासा आक्रोश और एकजुटता देखी जा रही है।
 
घटना के छह दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
भरत भूषण तिवारी कथित एनकाउंटर मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। घटना के छह दिन बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्राथमिकी दर्ज की। कांड संख्या 178/26 के तहत दर्ज प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 103 (1)(5) और आर्म्स एक्ट के गंभीर प्रावधान जोड़े गए हैं। इस प्राथमिकी में जगदीशपुर के एसडीपीओ राजेश शर्मा, शाहपुर के निलंबित थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश मालाकार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, भरत भूषण तिवारी की मां ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को जवइनिया कटाव पीड़ित विस्थापितों की समस्या जानने के बहाने बुलाकर सुनियोजित तरीके से गोली मार दी गई। आरोप है कि एसडीपीओ के प्रत्यक्ष आदेश पर भरत को पांच गोलियां मारी गईं। इस गंभीर मामले की जांच की जिम्मेदारी फिलहाल इंस्पेक्टर संजीव कुमार को सौंपी गई है।
 
वायरल वीडियो के बाद और गहराया विवाद
इस पूरे मामले की शुरुआत 16 जून की शाम से मानी जा रही है, जब सोशल मीडिया पर भरत भूषण तिवारी का एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। बताया जाता है कि उसी दौरान शाहपुर पुलिस उनके घर भी पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, उस समय भरत ने पिस्टल तान दी थी, जिसके बाद उन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ मानते हुए पुलिस वापस लौट गई थी। हालांकि, 17 जून की सुबह घटनाक्रम ने दुखद मोड़ ले लिया। पुलिस का दावा है कि भरत ने फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उन्हें गोली लगी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर विवाद तब और बढ़ गया जब कथित एनकाउंटर का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि भरत भूषण तिवारी पुलिस के समक्ष सरेंडर कर चुके थे। इसी वीडियो के आधार पर परिजन और समर्थक इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं।
 
आज की महापंचायत पर टिकी सबकी निगाहें
कुंडवा शिव में आयोजित होने वाली आज की महापंचायत को भरत भूषण तिवारी प्रकरण का एक अहम मोड़ माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस सभा से न सिर्फ न्याय की मांग को और धार मिलेगी, बल्कि आंदोलन की आगामी दिशा भी तय होगी। सर्व समाज के बैनर तले हो रहा यह आयोजन भोजपुर की राजनीति और सामाजिक सरोकारों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष पाण्डेय की रिपोर्ट