Date: 25/06/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के सरकारी कार्यालय में हुई चोरी, कई सामानों को किया क्षतिग्रस्त

6/25/2026 4:16:36 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : मुंगेर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले किला क्षेत्र में चोरों ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। एसपी कार्यालय के पीछे स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के सरकारी कार्यालय में देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है। चोरों ने पहले खिड़की तोड़कर कार्यालय में प्रवेश किया, फिर सीसीटीवी का मेन स्विच बंद कर लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामला मुंगेर के किला क्षेत्र स्थित अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण कार्यालय का है, जहां बुधवार की रात चोरों ने पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसते ही चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी सिस्टम को बंद कर दिया ताकि उनकी तस्वीर कैमरे में कैद न हो सके। इसके बाद कार्यालय में रखे चार कंप्यूटर सीपीयू, एक बड़ा एलईडी और एसी और एसी का स्टेबलाइजर के महत्वपूर्ण पार्ट्स चोरी कर लिए। चोरों ने कार्यालय के कई सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो टूटी खिड़की और बिखरा सामान देख हैरान रह गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि सबसे बड़ा सवाल यह है कि एसपी कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तरों के बेहद करीब स्थित इलाके में आखिर चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार कैसे हो गए।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट