Date: 03/07/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

निरसा विधायक के आरोपों पर सांसद ढुलू महतो का पलटवार, अवैध खनन और कोयला कारोबार को लेकर लगाए गंभीर आरोप

7/2/2026 3:24:17 PM IST

16
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : निरसा विधायक अरूप चटर्जी द्वारा हाल ही में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ढुलू महतो और उनके पुत्र पर लगाए गए आरोपों के बाद मंगलवार को धनबाद परिसदन में सांसद ढुलू महतो ने प्रेस वार्ता कर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने विधायक का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला और अवैध खनन व कोयला कारोबार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। सांसद ढुलू महतो ने कहा कि जिस तरह उनके और उनके परिवार पर आरोप लगाए गए हैं, उनका कोई आधार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि निरसा क्षेत्र में अवैध खनन और चोरी के कोयले का कारोबार जारी है तथा इसकी निष्पक्ष जांच होने पर पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने दावा किया कि धनबाद के कई कोयल-भट्ठों तक चोरी का कोयला पहुंच रहा है। सांसद ने आरोप लगाया कि संबंधित मामलों में कमीशनखोरी की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि निरसा विधायक में हिम्मत है तो वे बाघमारा क्षेत्र में कथित अवैध खनन स्थल पर जाकर भूख हड़ताल करें। सांसद ने कहा कि वे इसके लिए टेंट और भोजन की व्यवस्था भी करेंगे तथा अवैध खनन बंद कराने के अभियान में उनका साथ देंगे। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने विधायक का नाम लिए बिना उन पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए निरसा विधायक को टकला कछुआ कहा साथ ही आरोप लगाया कि वे विभिन्न मुद्दों पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि निरसा क्षेत्र में भी कथित तौर पर अवैध खनन जारी है, जिस पर विधायक मौन हैं। सांसद ने अपने राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वे चार बार विधायक रह चुके हैं और जनता के विश्वास के बल पर लगातार जनसेवा कर रहे हैं।
 
अनु शर्मा कोयलांचल लाइव डेस्क