Date: 09/07/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

चेन स्नैचर गिरफ्तार, लूटी गई सोने की चेन और चोरी की गयी बाइक बरामद

7/8/2026 3:49:55 PM IST

27
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटी गई सोने की चेन और चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। वहीं, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। टेल्को थाना क्षेत्र के घड़ी पार्क के पास एक महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली थी। मामले में टेल्को थाना में प्राथमिकी दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। बीती रात हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास विशेष वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रम हो बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो टुकड़ों में टूटी हुई सोने की चेन और JH05DC-1914 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में पता चला कि यह बाइक सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिद्दी के साथ मिलकर टेल्को घड़ी पार्क के पास महिला से चेन छीनी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट