Date: 12/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

"बीसीसीएल बचाओ" को लेकर हंजलाबीन हक का ऐलान, बोले- सीएमडी के 10 करोड़ जुर्माने के लिए मांगेंगे 'भिक्षा'

7/11/2026 1:14:05 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद में कोयलांचल बचाओ संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष हंजलाबीन हक ने बीसीसीएल के सीएमडी पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दायर 10 करोड़ रुपये के मानहानि मुकदमे के जवाब में अब मोर्चा रणधीर वर्मा चौक पर "बीसीसीएल बचाओ, धनबाद बचाओ संकल्प सभा" आयोजित करेगा। इस दौरान शहरवासियों से भिक्षा के रूप में पुराने सिक्के और रुपये जुटाकर प्रतीकात्मक रूप से सीएमडी को देने की बात कही गई। प्रेस वार्ता में हंजलाबीन हक ने कहा कि बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने उनके खिलाफ 10 करोड़ रुपये के मानहानि का मुकदमा दायर किया है। उन्होंने कहा कि उनकी इतनी आर्थिक क्षमता नहीं है कि वे 10 हजार रुपये भी दे सकें। इसलिए अब वे धनबाद की जनता से पुराने सिक्के और रुपये भिक्षा के रूप में मांगेंगे और प्रतीकात्मक रूप से सीएमडी को सौंपेंगे। हंजलाबीन हक ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की मानहानि करना नहीं, बल्कि बीसीसीएल और धनबाद को बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल में कोयला चोरी और भ्रष्टाचार गंभीर समस्या है। उनका कहना था कि इसी मुद्दे पर उन्होंने पहले भी आवाज उठाई थी और केंद्र सरकार भी इस विषय को गंभीर मानते हुए कदम उठा चुकी है। मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें जेल भेज दिया जाए या उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई कर ली जाए, लेकिन बीसीसीएल को खत्म होने से बचाया जाए। उन्होंने कहा कि धनबाद की पहचान बीसीसीएल से है और यदि कंपनी कमजोर हुई तो इसका असर पूरे कोयलांचल पर पड़ेगा। इसी संदेश के साथ जल्द ही रणधीर वर्मा चौक पर "बीसीसीएल बचाओ, धनबाद बचाओ संकल्प सभा" का आयोजन किया जाएगा।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क