Date: 12/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जमशेदपुर में ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, पेआउट कटौती का विरोध

7/11/2026 7:22:22 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
जमशेदपुर: परसुडीह स्थित ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर्स पिछले तीन दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। राइडर्स का आरोप है कि कंपनी ने उनकी सहमति के बिना पेआउट में कटौती कर दी है और डिलीवरी क्षेत्रों का पुनर्विभाजन किया है, जिससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ा है। प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी पार्टनर्स का कहना है कि वे पिछले दो से तीन वर्षों से लगातार कंपनी के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन अब प्रति डिलीवरी मिलने वाला भुगतान 55–60 रुपये से घटाकर 35–38 रुपये कर दिया गया है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई और पेट्रोल की कीमतों के बीच इतनी कम राशि में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। राइडर्स के अनुसार वे प्रतिदिन 12 से 16 घंटे तक काम करते हैं, इसके बावजूद उनकी आमदनी लगातार घट रही है। उनका कहना है कि वे किसी नई सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि पहले की तरह दूरी के आधार पर उचित भुगतान चाहते हैं। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि परसुडीह, जुगसलाई और जमशेदपुर के कई इलाकों को दूसरे जोन में शामिल कर दिए जाने से उनके नियमित ऑर्डर कम हो गए हैं। उनका दावा है कि इससे करीब 150 परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है और हड़ताल के चलते पिछले तीन दिनों से ब्लिंकिट की डिलीवरी व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। राइडर्स ने कंपनी पर विरोध करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स की आईडी बंद करने की धमकी देने और करीब 200 राइडर्स को आधिकारिक ग्रुप से हटाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि उनकी समस्याओं को ब्लिंकिट के उच्च प्रबंधन तक पहुंचाया जाए और जल्द समाधान निकालते हुए पहले की भुगतान व्यवस्था बहाल की जाए। हालांकि, इन आरोपों पर ब्लिंकिट की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए शिवम् मिश्रा की रिपोर्ट