Date: 15/07/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

7/14/2026 11:58:31 AM IST

23
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamtara : पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से लाखों रुपये नकद, मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा हटिया के पास साइबर अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर साइबर अपराध थाना के पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुरुवा गांव में छापेमारी की, जहां से नसरुद्दीन अंसारी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। साइबर अपराध थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी देवघर जिले के मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के पंचरूखी गांव का निवासी है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, एक आधार कार्ड, एक मोटरसाइकिल तथा 4 लाख 4 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का प्रतिनिधि बताकर लोगों को फोन करता था। वह क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया क्रेडिट कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करता था और फिर उनके खातों से ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
 
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट