Date: 21/07/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

ट्रेनी IPS अधिकारी ने किया आत्महत्या का प्रयास, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

7/21/2026 3:27:41 PM IST

37
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Hyderabad : हैदराबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रशिक्षण ले रहे ट्रेनी IPS अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया है। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में हैदराबाद के एसआर नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। यह घटना उनके निलंबन के तुरंत बाद की है। उदय कृष्णा रेड्डी के खिलाफ कर्नाटक की रहने वाली एक शादीशुदा महिला ट्रेनी IPS अधिकारी ने अट्टापुर पुलिस स्टेशन में गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला अधिकारी के आरोपों के मुताबिक, उदय कृष्णा ने पीड़िता को बार-बार आपत्तिजनक और अश्लील मैसेज भेजे।आरोप है कि महिला अधिकारी को एक कमरे में बंधक बनाया। उनके बाल खींचे। गला दबाने की कोशिश की। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के कुछ निजी वीडियो चुपके से रिकॉर्ड कर लिए। उन वीडियो क्लिप्स को महिला के पति को भेजकर उन्हें ब्लैकमेल किया। इस गंभीर शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय पुलिस अकादमी ने एक आंतरिक जांच समिति का गठन किया। समिति ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की समीक्षा की। इसके बाद उदय कृष्णा रेड्डी को प्रशिक्षण से अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया। पुलिस पूछताछ के लिए समन जारी किया गया। इस घटना से पहले उदय कृष्णा रेड्डी की कहानी को सिविल सेवा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जाता था। बचपन में ही माता-पिता का साया उठ जाने के बाद उनका पालन-पोषण उनकी नानी ने किया, जो एक दिहाड़ी मजदूर थीं। साल 2013 में उदय पुलिस कांस्टेबल के रूप में चुने गए थे। बाद में उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए कांस्टेबल पद से इस्तीफा दे दिया। अपने पांचवें प्रयास में उन्होंने UPSC परीक्षा में 360वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की और IPS के लिए चुने गए। आत्महत्या के प्रयास से ठीक पहले, उदय कृष्णा रेड्डी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक स्टेटस पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने खुद को बेकसूर बताते हुए लिखा, “मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है।”
फिलहाल स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले और आत्महत्या के प्रयास के पीछे की परिस्थितियों की गहराई से जांच कर रही है। अस्पताल में डॉक्टर ट्रेनी अधिकारी की जान बचाने की कोशिशों में जुटे हैं।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क