Date: 26/07/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

नई अनाज वितरण नीति के विरोध में JFCI गोदाम के मजदूर हड़ताल पर, रणधीर वर्मा चौक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

7/25/2026 5:40:52 PM IST

14
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित JFCI गोदामों में वर्षों से कार्यरत मोटिया मजदूर नई अनाज वितरण व्यवस्था के विरोध में सड़क पर उतर आए हैं। केंद्र सरकार की नई नीति के तहत अब FCI गोदामों से सीधे पीडीएस दुकानदारों तक अनाज पहुंचाया जाएगा। मजदूरों का कहना है कि इस व्यवस्था से प्रखंड स्तर के JFCI गोदामों में अनाज की लोडिंग-अनलोडिंग का काम समाप्त हो जाएगा और हजारों मजदूर बेरोजगार हो जाएंगे। इसी मांग को लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों के JFCI गोदामों में कार्यरत मजदूर रणधीर वर्मा चौक पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने बताया कि वे कई वर्षों से JFCI गोदामों में अनाज की लोडिंग, अनलोडिंग और पीडीएस दुकानदारों तक अनाज पहुंचाने का कार्य करते आ रहे हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद FCI गोदाम से सीधे पीडीएस दुकानदारों तक अनाज भेजा जाएगा, जिससे JFCI गोदामों में उनके काम की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। मजदूरों का कहना है कि इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने सरकार से पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है ताकि उनके रोजगार पर कोई असर न पड़े। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगा।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क