Date: 04/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

सुल्तानगंज से बाबा धाम जा रहे कांवरियों की सेवा में जुटा जमशेदपुर, 10 दिवसीय निःशुल्क शिविर शुरू
 

8/4/2026 5:31:07 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

देवघर: सावन के पावन महीने में सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर लाखों शिवभक्त मुंगेर जिले के 26 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवरिया पथ से होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बिहार सरकार और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। हालांकि, आस्था के इस महाकुंभ में जब श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच जाती है, तब कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी सेवा के लिए आगे आती हैं। इसी कड़ी में झारखंड के जमशेदपुर स्थित बोलबम सेवा ट्रस्ट द्वारा 10 दिवसीय निःशुल्क सेवा शिविर लगाया गया है। इस शिविर में कांवरियों के लिए भोजन, विश्राम, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। श्रावणी मेले के दौरान मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर लगाए गए सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। सरकारी व्यवस्थाओं के साथ-साथ कई सामाजिक संस्थाएं भी पूरी निष्ठा के साथ शिवभक्तों की सेवा में जुटी हुई हैं। झारखंड की स्टील सिटी जमशेदपुर से करीब 50 स्वयंसेवकों की टीम इस सेवा कार्य में भाग लेने पहुंची है। सरायकेला विधायक सरयू रॉय के नेतृत्व में संचालित बोलबम सेवा ट्रस्ट के इस 10 दिवसीय सेवा शिविर में कांवरियों के लिए रात्रि विश्राम, भोजन, शौचालय, शुद्ध पेयजल, शरबत, फल, बच्चों के लिए दूध, चिकित्सा सुविधा तथा भजन-कीर्तन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क की गई है। इसके अलावा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक लगातार महाभंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है। इस दौरान तारापुर के पूर्व विधायक राजीव सिंह ने भी शिविर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, लेकिन निजी संस्थाओं द्वारा संचालित ऐसे सेवा शिविर कांवरियों की यात्रा को और अधिक सहज एवं सुविधाजनक बना रहे हैं। वहीं, सेवा शिविर से जुड़े राकेश ने बताया कि उनकी टीम पिछले पांच वर्षों से लगातार जमशेदपुर से यहां आकर सेवा शिविर का संचालन कर रही है। उनका कहना है कि बाबा के भक्तों की सेवा करना ही उनके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य और सबसे बड़ी पूजा है। यही कारण है कि हर वर्ष वे अपनी पूरी टीम के साथ कांवरिया पथ पर पहुंचकर निःस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं। एक ओर जहां प्रशासन सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर सेवा शिविरों में स्वयंसेवक बाबा के भक्तों की सेवा को ही सबसे बड़ी भक्ति मानकर अपना योगदान दे रहे हैं। सेवा शिविर का लाभ उठा रहे कांवरियों ने भी इसकी सराहना की। उनका कहना है कि यहां उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। भोजन से लेकर विश्राम, पेयजल और चिकित्सा तक सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनकी यात्रा काफी आसान और सुविधाजनक हो गई है।

 

देवघर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट