रांची: 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) भी सड़क पर उतर आई है। एबीवीपी रांची महानगर इकाई की ओर से बुधवार को रांची में जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में विद्यार्थी आक्रोश मार्च निकाला गया। इस दौरान युवाओं ने जेपीएससी और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद अल्बर्ट एक्का चौक के समीप विरोध-प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। मौके पर एबीवीपी रांची महानगर इकाई के पदाधिकारी तुषार दुबे ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के संरक्षण में जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलनरत अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर बातचीत करने के बजाय चुप्पी साधे हुए है। तुषार दुबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द ही आंदोलनरत अभ्यर्थियों से वार्ता नहीं करती और उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लेती, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़