Date: 05/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 धनबाद में शुरू हुई कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026, जांच कौशल निखारने पर जोर

8/5/2026 6:02:31 PM IST

12
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
 
धनबाद :- धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 की शुरुआत हुई। 5 से 7 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब, डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी साइबर प्रदीप साव, सीआईडी एवं एफएसएल के अधिकारी सहित जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस ड्यूटी मीट जांच प्रणाली को और अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी बनाने का मंच है। इसमें फोटोग्राफी, वैज्ञानिक अपराध स्थल निरीक्षण, साक्ष्य संग्रह, पैकिंग, फॉरवर्डिंग समेत कई विषयों पर प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि रेंज स्तर के विजेता राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में भाग लेते हैं और वहां के विजेता राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सीआईडी और एफएसएल की टीम इस पूरी प्रक्रिया का संचालन करती है, जिससे पुलिस अनुसंधान की गुणवत्ता लगातार बेहतर होती है। वहीं धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन से पुलिस अधिकारियों और जवानों को नई तकनीकों और आधुनिक जांच पद्धतियों को सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध से निपटने के लिए पुलिस हर स्तर पर अपनी क्षमता मजबूत कर रही है। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, रॉन्ग लेन में वाहन नहीं चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि गोविंदपुर फ्लाईओवर निर्माण के कारण फिलहाल जाम की समस्या है, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। एसएसपी ने यह भी जानकारी दी कि 1 अगस्त से जिले में पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो चुकी है, जिससे लंबित मामलों में तेजी से कमी आई है।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क