जमशेदपुर: आजसू छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कोल्हान विश्वविद्यालय की लेटलतीफी और बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार करते हुए छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की। उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि कोल्हान विश्वविद्यालय की लापरवाही के कारण उनका शैक्षणिक सत्र लगातार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से विश्वविद्यालय की खामियों को दूर कर शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की मांग की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए आजसू महानगर अध्यक्ष राज सिंह ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के कारण सभी सेमेस्टर एक से दो वर्ष की देरी से चल रहे हैं। इसके चलते छात्र-छात्राएं अपनी आगे की पढ़ाई और करियर को लेकर गंभीर चिंता में हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की चरमराई शिक्षा व्यवस्था की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। ऐसे में आजसू छात्र मोर्चा छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आंदोलन कर रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कोल्हान विश्वविद्यालय की बदहाल व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाए, ताकि छात्रों का शैक्षणिक सत्र समय पर संचालित हो सके और उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़