जामताड़ा: साइबर अपराध थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी आंगनबाड़ी केंद्र के पास साइबर अपराध संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साइबर अपराध थाना के प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी देवघर जिले का रहने वाला है, जिसे गिरोह का मास्टर ट्रेनर माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, वह नए युवाओं को साइबर ठगी के तरीके सिखाने और उन्हें प्रशिक्षण देने का काम करता था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को कूरियर कंपनी का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद वे फर्जी APK फाइल भेजकर उसे इंस्टॉल करवाते थे। APK फाइल इंस्टॉल होने के बाद आरोपियों को पीड़ितों के मोबाइल की गोपनीय जानकारी तक पहुंच मिल जाती थी, जिसके जरिए वे साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़