जमशेदपुर: बर्मामाइंस के चर्चित आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य शूटर भोंदू समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कंटेनर यार्ड के पास 2 अगस्त की रात मोहम्मद आफताब आलम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। गंभीर रूप से घायल आफताब आलम को इलाज के लिए कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस जघन्य वारदात के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए बर्मामाइंस स्थित एक बैचिंग प्लांट में छापेमारी की। इस दौरान हत्याकांड में शामिल मुख्य शूटर शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू, मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान और शेख रहीम को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा, मामले में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन तथा दो हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़