Date: 11/08/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

i20 कार से 80 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

8/10/2026 5:34:46 PM IST

47
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Aara : भोजपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कृष्णगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फरहदा-शिवपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए एक उजले रंग की i20 कार से 80.460 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, कृष्णगढ़ थाना को सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने फरहदा-शिवपुर रोड पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध हालत में एक उजले रंग की i20 कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त करने के साथ कार को भी कब्जे में ले लिया और उसमें सवार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बरामद शराब और जब्त कार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
 
आरा से कोयलांचल लाइव के लिए आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट