Date: 20/08/2026 Thursday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

भूतही नदी पर बनी पुलिया तीसरी बार बह गई पुलिया, 12 गांवों का संपर्क टूटा,साइकिल सवार ग्रामीण भी ... 
 

8/20/2026 12:52:06 PM IST

57
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya  :गया के नक्सल प्रभावित मंझौली पंचायत के जीवातरी गांव में भूतही नदी पर बनी पुलिया एक बार फिर बारिश की मार नहीं झेल सकी। हल्की बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ते ही करीब 10 दिन पहले ह्यूम पाइप के सहारे बनाई गई पुलिया तेज बहाव में बह गई। इसी साल यह पुलिया तीसरी बार नदी के पानी में समा गई है। पुलिया बहने से निजामडीह, जिरवातरी उमन, मल्लाह टोला, बाघा डावर और कलामी समेत करीब 12 गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। बार-बार पुलिया बहने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और स्थायी समाधान के नाम पर हो रही खानापूर्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वही एक ग्रामीण तेज पानी में साइकिल से नदी पार कर रहा था जो देखते हैं देखते बहने लगा, हालांकि स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया.. ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है। अस्थायी तौर पर पुलिया तैयार कर लोगों को आवागमन की सुविधा देने की कोशिश की जाती है, लेकिन नदी का पानी बढ़ते ही पूरी व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है।
ग्रामीणों के लिए यह पुलिया महज नदी पार करने का साधन नहीं, बल्कि दर्जनों गांवों को मुख्य रास्ते से जोड़ने वाली जीवनरेखा है। पुलिया के बह जाने से बच्चों को स्कूल जाने, किसानों को खेतों तक पहुंचने और ग्रामीणों को बाजार व जरूरी काम के लिए आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।  ग्रामीणों के मुताबिक, इसी स्थान पर इस वर्ष पहले भी दो बार पुलिया बनाई गई थी, लेकिन बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण दोनों बार पुलिया बह गई। इसके बाद करीब 10 दिन पहले फिर ह्यूम पाइप के सहारे पुलिया तैयार की गई। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इस बार आवागमन की समस्या दूर होगी, लेकिन नदी का पानी बढ़ते ही तीसरी बार भी पुलिया बह गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि हर साल बारिश में पुलिया बह जाती है तो अस्थायी निर्माण पर बार-बार खर्च करने के बजाय स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से भूतही नदी पर मजबूत एवं स्थायी पुलिया निर्माण कराने की मांग की है।
 
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट