Date: 21/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 सर्च अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाई 4-5 किलो की IED बरामद, मौके पर किया गया नष्ट

8/21/2026 2:08:32 PM IST

29
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
गया: बिहार के गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल के लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 4 से 5 किलोग्राम की IED बरामद की। IED में कमांड मैकेनिज्म लगा हुआ था। बरामदगी के बाद CRPF की बम निरोधक एवं डिटेक्शन टीम यानी BDDS ने इसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। जानकारी के अनुसार, D/215 बटालियन CRPF को इलाके में IED लगाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देश पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे सर्च अभियान शुरू किया गया। अभियान में D/215 बटालियन की D कंपनी के जवानों के साथ स्थानीय पुलिस के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। सुरक्षाबलों की टीम लुटुआ थाना क्षेत्र के कैंप नागोबार से गुलरियातरी होते हुए सिंघवा इलाके की ओर बढ़ रही थी। सिंघवा के पास सघन तलाशी के दौरान डिटेक्टर से जमीन के नीचे बीप की आवाज सुनाई दी। इसके बाद इलाके को घेरकर सावधानीपूर्वक जांच की गई। खुदाई करने पर जमीन के नीचे संदिग्ध वस्तु मिली, जिसकी जांच में IED होने की पुष्टि हुई। बरामद IED को स्टील के कंटेनर में रखकर काले रंग की पॉलिथीन से लपेटा गया था। सुरक्षाबलों ने इलाके को सुरक्षित करने के बाद BDDS टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के तहत IED को मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। IED नष्ट किए जाने के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके में दोबारा सघन तलाशी अभियान चलाया, ताकि कोई अन्य विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु मौजूद न हो। प्रथमदृष्टया सुरक्षाबलों को आशंका है कि अज्ञात नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नीयत से IED को जमीन के नीचे छिपाकर रखा था। हालांकि, इसे कब और किसने लगाया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इलाके में सर्च अभियान जारी है। पूरी कार्रवाई कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व D कंपनी के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर गौरव कुमार ने किया। अभियान में CRPF जवानों के साथ स्थानीय पुलिस और BDDS कर्मी शामिल रहे।
 
कोयलांचल लाइव के लिए गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट