Date: 21/08/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

हथियारों के अवैध कारोबार का हुआ खुलासा, 145 जिंदा कारतूस के साथ हथियारों का जखीरा बरामद

8/21/2026 4:06:11 PM IST

29
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Munger : -पूरबसराय थाना क्षेत्र के कमेला रोड स्थित एक मकान में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, दो सगे भाई मिलकर हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई का कथित कारोबार चला रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार देसी कट्टा, दो देसी बंदूक और 145 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
 
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी:-
 
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कमेला रोड स्थित एक मकान से अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके भाई अरशद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
 
हथियारों की सप्लाई नेटवर्क की जांच :
 
एसपी सैयद इमरान मसूद के मुताबिक, बरामद हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस को यह भी आशंका है कि हाल के दिनों में मोहल्ले में हुए एक विवाद में इन हथियारों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। हालांकि, इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस की जांच सिर्फ हथियारों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियारों का यह नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके तार किन-किन लोगों तक जुड़े हैं।
 
मुंगेर से कोयलांचल लाइव के लिए इम्तियाज खान की रिपोर्ट