Date: 23/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 पुलिस अधीक्षक का औचक निरीक्षण, थानों और प्रमुख स्थलों की जांच
 

8/22/2026 2:29:46 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
आरा: भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने 21 अगस्त 2026 की रात आरा शहर के विभिन्न थानों और प्रमुख संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और रात्रि गश्ती को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने आरा नगर थाना, आरा नवादा थाना और मुफस्सिल थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान थानों में ओडी ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय की व्यवस्था, सीसीटीएनएस प्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और अपराध नियंत्रण से संबंधित विभिन्न तख्तियों, दस्तावेजों एवं जरूरी रिकॉर्ड की भी गहन जांच की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख स्थलों का सघन भ्रमण किया। इनमें सिंडिकेट, रमना मैदान, बड़ी मठिया, रामघरिया, अरण्य देवी मंदिर, धरहरा पुल, सपना सिनेमा मोड़, शिवगंज, शीशमहल चौक, स्टेशन रोड और जज कोठी मोड़ शामिल रहे। रात्रि भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही, शहर में रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाना है।
 
कोयलांचल लाइव के लिए आरा से आशुतोष की रिपोर्ट