Date: 18/09/2026 Friday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

 
पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा की 86वीं जयंती पर रांची में सम्मान समारोह, मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की होंगी शामिल

8/23/2026 1:00:13 PM IST

73
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team

रांची : पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा की 86वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रांची में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन जनजातीय भाषा विभाग में हुआ, जहां डॉ. रामदयाल मुंडा के योगदान और उनके विचारों को याद किया गया। मुख्य समारोह से पहले मोरहाबादी स्थित डॉ. रामदयाल मुंडा पार्क में माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक योगदान को याद किया। इसके बाद जनजातीय शोध संस्थान में भी पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में उनके द्वारा जनजातीय समाज, भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए किए गए कार्यों को विशेष रूप से याद किया गया। इसके बाद मुख्य समारोह जनजातीय भाषा विभाग में आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किए जाने का कार्यक्रम भी रखा गया है। कार्यक्रम में मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की भी मौजूद हैं। वह थोड़ी देर में समारोह को संबोधित करेंगी। अपने संबोधन के दौरान मंत्री डॉ. रामदयाल मुंडा के योगदान और जनजातीय भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर अपनी बात रखेंगी। डॉ. रामदयाल मुंडा ने जनजातीय समाज की भाषा, संस्कृति, कला और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके विचारों और विरासत को आगे बढ़ाने के संकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

 

 
   
रांची से कोयलांचल लाइव के लिए प्रशांत जयवर्धन की रिपोर्ट