जामताड़ा: निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह 09-जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की प्रक्रिया को लेकर बैठक आयोजित की गई। यह प्रक्रिया 24 अगस्त 2026 से शुरू हो रही है। बैठक में 09-जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारियों के स्तर पर गठित पेशकार टीमों के साथ सुनवाई की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने सुनवाई की प्रक्रिया के साथ विभिन्न पंजियों, जैसे वाद पंजी (Case Register), नोटिस पंजी, नोटिस की तामिला की पुष्टि और अभिलेखों के संधारण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने क्लस्टरवार निर्धारित पेशकार टीमों को सुनवाई के दौरान उपस्थित होने वाले मतदाताओं की उपस्थिति दर्ज करने और उनके दस्तावेज प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सुनवाई की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, जामताड़ा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
जामताड़ा से कोयलांचल लाइव के लिए निशिकांत मिस्त्री की रिपोर्ट
सम्बंधित खबरें
ट्रेंडिंग न्यूज़