Date: 19/08/2026 Wednesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

बारिश में भी नहीं डिगी आस्था, एक साथ निकलीं मां मनसा की 30 प्रतिमाएं

8/19/2026 2:47:05 PM IST

18
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad : लगातार हो रही बारिश के बीच भी आस्था और परंपरा पर मौसम का कोई असर नहीं पड़ा। तोपचांची प्रखंड के कोरकोट्टा पंचायत स्थित केवट टोला में मां मनसा की करीब 30 प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन किया गया। श्रद्धालु बारिश के बीच प्रतिमाओं को कंधे पर लेकर महतो तालाब तक पहुंचे। इस दौरान मां के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। कोरकोट्टा गांव में केवट समुदाय मां मनसा को अपनी कुलदेवी के रूप में पूजता है। गांव में करीब 200 केवट परिवार रहते हैं और समुदाय में मां मनसा की पूजा की विशेष मान्यता है। ग्रामीणों के अनुसार, मां मनसा की पूजा पूरी होने के बाद ही समुदाय के लोग तालाबों में मछली पकड़ने की शुरुआत करते हैं। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष गांव के करीब 30 घरों में मां मनसा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा संपन्न होने के बाद सभी प्रतिमाओं को एक साथ विसर्जन के लिए निकाला गया। विसर्जन यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मां की विदाई के दौरान लगातार जयकारे लगाए गए और सुख-शांति की कामना की गई। सामूहिक विसर्जन का यह दृश्य गांव की आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बना।
 
कोयलांचल लाइव डेस्क