Date: 30/08/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

संथाली पेपर में 'आउट ऑफ सिलेबस' सवालों पर भड़के अभ्यर्थी, प्रदर्शन के बाद रांची कूच की चेतावनी। 'महुआ को संस्कृत में क्या कहते हैं?'....................
 

8/29/2026 5:06:54 PM IST

24
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Dhanbad: धनबाद में संथाली भाषा के प्रश्नपत्र को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश देखने को मिला। जेएसएससी समेत राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में संथाली विषय के पेपर में कथित तौर पर पाठ्यक्रम से बाहर के सवाल पूछे जाने के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शनिवार को रणधीर वर्मा चौक स्थित धरना स्थल पर जुटे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संथाली भाषा के प्रश्नपत्र में संस्कृत साहित्य से जुड़े सवाल पूछे गए, जो निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर हैं। अभ्यर्थियों ने इसे परीक्षा प्रणाली की गंभीर लापरवाही बताते हुए पूरे मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि संथाली भाषा के पेपर में ऐसे सवाल पूछे गए, जिनका निर्धारित पाठ्यक्रम से कोई संबंध नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र में संस्कृत साहित्य से जुड़े सवाल शामिल किए गए। प्रदर्शन में शामिल छात्र नेता मनमोहन हेम्ब्रम ने सवाल उठाते हुए कहा कि संथाली विषय की परीक्षा में भाषा, साहित्य, लिपि और संस्कृति से जुड़े सवाल होने चाहिए, लेकिन कथित तौर पर संस्कृत से संबंधित प्रश्न पूछे गए। अभ्यर्थियों ने उदाहरण देते हुए 'महुआ को संस्कृत में क्या कहते हैं?' जैसे सवाल का हवाला दिया और कहा कि इस तरह के प्रश्न संथाली विषय के निर्धारित पाठ्यक्रम पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। छात्रों का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र तैयार करने में अगर इस तरह की गड़बड़ी होती है, तो इसका सीधा असर अभ्यर्थियों के भविष्य पर पड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और परीक्षा आयोग से मामले का संज्ञान लेने, प्रश्नपत्र की समीक्षा करने और अभ्यर्थियों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की है।  प्रदर्शन के बाद अब अभ्यर्थियों ने आंदोलन को राज्यस्तर पर ले जाने की चेतावनी दी है। छात्रों का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी 2 तारीख को रांची की बापू वाटिका में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
 
 
संजना सिंह कोयलांचल लाइव डेस्क