Date: 05/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

मानगो फ्लाईओवर का काम तेज, जल्द मिलेगी जाम से राहत; कांग्रेस ने बन्ना गुप्ता के प्रयासों को बताया अहम
 

9/4/2026 2:54:06 PM IST

31
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : शहरवासियों के लिए राहत की बड़ी खबर है। मानगो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्षों से मानगो इलाके में लगने वाले लंबे जाम से परेशान लोगों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। फ्लाईओवर के निर्माण के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और लोगों को घंटों जाम में फंसने से राहत मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि मानगो में पिछले कई वर्षों से लगभग हर दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति काफी गंभीर हो जाती थी। वाहन चालकों के साथ स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और आम लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था। अवधेश सिंह ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में कई मुख्यमंत्री रहे, लेकिन मानगो की जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनके मुताबिक, जब बन्ना गुप्ता पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक थे और बाद में झारखंड सरकार में मंत्री बने, तब उन्होंने मानगो फ्लाईओवर के मुद्दे को प्राथमिकता के साथ उठाया। उनके प्रयासों के बाद यह परियोजना धरातल पर आई और अब निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर के पूरा होने के बाद मानगो इलाके में यातायात सुचारू होने की उम्मीद है। इससे लोगों के समय की बचत होगी और रोजाना जाम से होने वाली परेशानी भी काफी हद तक कम हो सकती है। अवधेश सिंह ने इसे सिर्फ एक फ्लाईओवर नहीं, बल्कि मानगो की वर्षों पुरानी जाम की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। निर्माण कार्य को लेकर कांग्रेस नेताओं में भी उत्साह है। फिलहाल, जमशेदपुर की जनता की नजरें इस परियोजना के जल्द पूरा होने पर टिकी हैं। फ्लाईओवर के तैयार होने के बाद शहर के इस व्यस्त इलाके में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट