Date: 05/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

OTA से 253 युवा बने सेना के अफसर, पासिंग आउट परेड में दिखा देशभक्ति का जज्बा
 

9/5/2026 2:31:41 PM IST

7
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
गया: गया स्थित अफसर प्रशिक्षण अकादमी (OTA) में शनिवार को शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) पुरुष एवं महिला के चौथे बैच की पासिंग आउट परेड आयोजित हुई। अनुशासन और देशभक्ति से ओत-प्रोत परेड में कुल 253 अफसर कैडेटों ने भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया। इनमें SSC (टेक्निकल) पुरुष-65 के 218 और SSC (टेक्निकल) महिला-36 की 35 अफसर कैडेट शामिल रहीं। वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुओंग ने समीक्षा अधिकारी के रूप में परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया। अकादमी अंडर अफसर पी. शशि कुमार को सर्वश्रेष्ठ ऑल राउंडर चुने जाने पर स्वॉर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। उन्होंने ऑर्डर ऑफ मेरिट में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता और गोरखा राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहे दीपक सिंह रावत को राजपूत रेजिमेंट और तीसरे स्थान पर रहे नवनीत सिंह को पैरा स्पेशल फोर्सेस में कमीशन मिला। पासिंग आउट परेड के दौरान कैडेटों के परिजनों की आंखों में खुशी और गर्व नजर आया। कंधों पर चमकते सितारों के साथ 253 युवा अधिकारियों ने राष्ट्रसेवा के नए सफर की शुरुआत की।
 
कोयलांचल लाइव के लिए गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट