Date: 06/09/2026 Sunday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

गोलीकांड में नामजद अतुल सिन्हा और संतोष लकड़ी वाला ने रखा अपना पक्ष, आरोपों को बताया बेबुनियाद
 

9/5/2026 6:44:54 PM IST

34
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Gaya  : सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पिता महेश्वर मोहल्ला में 27 अगस्त को हुई गोलीबारी के मामले में दर्ज कांड संख्या 482/26 को लेकर नामजद आरोपित अतुल सिन्हा और संतोष कुमार उर्फ संतोष लकड़ी वाला ने मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रखा। दोनों ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और तथ्य से परे बताया। अतुल सिन्हा और संतोष कुमार ने कहा कि 27 अगस्त को हुई गोलीबारी की घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उनके अनुसार, गोली चलाने वाले व्यक्ति को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और उसने घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। इसके बावजूद चांदनी नूतन पुरी द्वारा उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी चांदनी नूतन पुरी ने अरविंद चौधरी, बुलबुल साहू और अतुल सिन्हा के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका दावा है कि मामले के अनुसंधानकर्ता एवं पर्यवेक्षणकर्ता पदाधिकारी द्वारा निष्पक्ष जांच के बाद उन्हें निर्दोष पाया गया और अनुसंधान रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मामला फिलहाल जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम के न्यायालय में लंबित है। अतुल सिन्हा और संतोष कुमार उर्फ लकड़ी वाला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में चांदनी नूतन पुरी और उनके पति शत्रुघ्न भारती का अरविंद चौधरी, बुलबुल साहू और अतुल सिन्हा के साथ कारोबार से जुड़ा संबंध था। उनके अनुसार, एक जमीन की रजिस्ट्री हुई थी, जिसमें चांदनी नूतन पुरी और उनके पति हिस्सेदारी की मांग कर रहे थे। अरविंद चौधरी द्वारा हिस्सेदारी देने से इनकार किए जाने के बाद विवाद उत्पन्न हुआ और इसी रंजिश में उन लोगों को फंसाने का आरोप लगाया गया है। दोनों ने कहा कि उन्हें पुलिस-प्रशासन पर पूरा भरोसा है और मामले की निष्पक्ष जांच में वे हरसंभव सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा जहां भी पूछताछ या जांच के लिए बुलाया जाएगा, वे वहां उपस्थित होने के लिए तैयार हैं। वहीं, उन्होंने शत्रुघ्न भारती पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ कई मामले चल रहे हैं। हालांकि, ये सभी आरोप संबंधित पक्ष के दावे हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।
 
गया से कोयलांचल लाइव के लिए मनोज कुमार की रिपोर्ट