Date: 08/09/2026 Tuesday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

BCCL में फटी धरती, भूधसान में मासूम की हुई मौत,दो बच्चों समेत आधा दर्जन महिलाएं घायल,आक्रोशित लोगों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग किया जाम.............
 

9/8/2026 12:57:52 PM IST

22
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghmara  :- बीसीसीएल के क्षेत्र संख्या 5 के जोगता दस नंबर में एक बार फिर धरती फटी और एक मासूम को लील लिया। इस घटना ने लोगों की सांसें थाम दी हैं। भूधसान की चपेट में आने से कई घर जमींदोज हो गए, जबकि बड़े इलाके में जमीन पर गहरी दरारें पड़ गईं। हादसे में दो बच्चों समेत आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मासूम की मौत हो गई। घटना उस वक्त घाटी जब सुबह का वक्त... लोग अपने घरों में सो रहे थे... तभी अचानक धरती हिलने लगी और देखते ही देखते जमीन का बड़ा हिस्सा धंस गया। भूधसान की तेज आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई घर इसकी चपेट में आकर जमींदोज हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।घटना में दो बच्चों समेत कई महिलाएं घायल हुई हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक मासूम ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से कोयला खनन और भूमिगत गतिविधियों के कारण जमीन कमजोर हो चुकी है। लोगों का कहना है कि लगातार भूधसान की घटनाओं के बावजूद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित नहीं किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। विधायक ने भूधसान के लिए राज्य सरकार सरकार और बीसीसीएल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध माइनिंग वाले इलाकों में लोगों की जान जोखिम में डालकर काम किया जा रहा है और प्रशासन को खतरे की जानकारी होने के बावजूद पुनर्वास में लापरवाही बरती जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक भूधसान हुआ। देखते ही देखते कई घर जमीन में समा गए। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल से प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के विरोध में और प्रशासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकृष्ट कराने के लिए आक्रोशित लोगों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण आवागमन प्रभावित रहा। फिलहाल इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ की रिपोर्ट