Date: 12/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

एसजीटी आउटसोर्सिंग  वाहन की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, प्रबंधन की नहीं दिखी संवेदना ,गुस्साए लोगो ने काम किया ठप

9/12/2026 12:40:49 PM IST

52
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Baghamara :  बाघमारा के कतरास स्थित बीसीसीएल एरिया-03 के एसजीटी आउटसोर्सिंग माइंस में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कोलडंप एरिया में आउटसोर्सिंग वाहन की चपेट में आने से कैलुडीह निवासी 55 वर्षीय मधुसूदन यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
 
हादसे की सूचना मिलते ही कतरास पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग भी घटनास्थल पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने माइंस का काम बाधित कर दिया। मौके पर स्थानीय पार्षद मो. शहाबुद्दीन भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
 
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए परिवहन व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए माइंस प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि माइंस बस्ती के काफी करीब है, ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।लोगों ने माइंस परिसर में पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, साइन बोर्ड, सुरक्षित परिवहन व्यवस्था और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के इंतजाम करने की मांग की है। खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर Mines Act और उससे जुड़े खनन सुरक्षा प्रावधानों में प्रबंधन की जिम्मेदारियां निर्धारित हैं। ऐसे में इस हादसे के बाद यह भी जांच का विषय है कि माइंस परिसर में वाहन परिचालन और सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रावधानों का पालन किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल कतरास पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग माइंस परिसर में मौजूद हैं और कंपनी का काम पूरी तरह ठप है।इधर घटना के कई घंटे बिट जाने के बाद भी  एसजीटी आउटसोर्सिंग माइंस के प्रबंधन की और से संवेदना तक नहीं दिखा। खास कर  एसजीटी आउटसोर्सिंग माइंस के प्रबंधक वाईके सिंह ने तो फोन भी उठाना मुनासिब नहीं समझा। इस कंपनी के बारे में कहा तो यहाँ तक जाता है की ये हमेश सुरक्षा को नजर अंदाज करता रहा है क्योकि इसकी पकड़ दूर तलक होने की बात होती है। ऐसे में कोई भी बीसीसीएल अधिकारी उस  एसजीटी आउटसोर्सिंग माइंस संचालक को कुछ भी कहने से पहले पांच बार आगे पीछे सोचता है। लेकिन अब देखना यह है की क्या बीसीसीएल सीएमडी का  एसजीटी आउटसोर्सिंग माइंस प्रबंधन पर सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाया जाता है।  
 
बाघमारा से कोयलांचल लाइव के लिए काशीनाथ की रिपोर्ट