Date: 26/09/2026 Saturday ABOUT US ADVERTISE WITH US Contact Us

जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है...

9/25/2026 4:21:26 PM IST

15
कोयलांचल लाइव डेस्क, Koylachal Live News Team
Jamshedpur : पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद, बैग और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है। दरअसल, 20 और 21 सितंबर की रात चोरों ने जुगसलाई के घोड़ा चौक स्थित मल्लिक प्लाईवुड दुकान के ग्रील और शीशे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। चोर दुकान से लैपटॉप, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले के उद्भेदन के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद 24 सितंबर को पुलिस ने कपाली ओपी क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर मल्लिक प्लाईवुड दुकान से चोरी किया गया पिंक रंग का पीठू बैग, Lenovo का काला लैपटॉप, Acer का सिल्वर लैपटॉप और 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी को भी बरामद कर लिया है। वहीं, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
 
जमशेदपुर से कोयलांचल लाइव के लिए बिनोद केसरी की रिपोर्ट